मन की बात कार्यक्रम
‘मन की बात'”प्रधानमंत्री ने साझा किए देश के विकास और सफलता के विचार”
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने देश की अन्तरिक्ष के क्षेत्र में की गई उपलब्धियों की सराहना की है। उन्होंने भारतीय वैज्ञानिकों की स्पेस डॉकिंग प्रक्रिया को ऐतिहासिक बताया है। प्रधानमंत्री ने कहा कि दूरदर्शी वैज्ञानिकों की बदौलत भारत अंतरिक्ष प्रौद्योगिकी के क्षेत्र में नए मानदंड स्थापित कर रहा है, जिससे भावी चुनौतियों के समाधान उपलब्ध होंगे।
श्री मोदी आज आकाशवाणी से मन की बात कार्यक्रम में अपने विचार साझा कर रहे थे। उन्होंने कहा कि भारत आज आधुनिक स्पेस टेक्नोलॉजी में अग्रणी बन गया है। प्रधानमंत्री ने स्टार्टअप्स का जिक्र करते हुए कहा कि आज देश के छोटे शहर भी स्टार्टअप का केन्द्र बन रहे हैं। श्री मोदी ने कहा कि ये बहुत गर्व की बात है कि इनमें से आधे से ज्यादा स्टार्टअप का नेतृत्व हमारी बेटियां कर रही हैं।
इस साल के पहले मन की बात कार्यक्रम को सम्बोधित करते हुए प्रधानमंत्री ने सभी को सामुहिक इच्छाशक्ति के साथ देश के विकास के लिए भागीदारी निभाने को कहा। उन्होंने कहा कि बीते दशकों में देश का लोकतंत्र सशक्त और समृद्ध हुआ है। इसके साथ ही प्रधानमंत्री ने कहा कि कुम्भ विविधता में एकता का उत्सव है, यहां पूरी दुनिया से लोग जुटते हैं। इसमें युवाओं की भागीदारी व्यापक रूप से नजर आती है। श्री मोदी ने देशवासियों को गणतंत्र दिवस की भी शुभकामनाएं दी।
उन्होंने कहा कि इस बार भारतीय गणतंत्र की 75वीं वर्षगांठ है इसलिए इस बार के गणतंत्र दिवस का विशेष महत्व है। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने आज प्रयागराज में राजस्थान मण्डप में मन की बात कार्यक्रम को सुना। प्रदेशभर में मन की बात कार्यक्रम विभिन्न स्थानों पर सामुहिक रूप से सुना गया। केन्द्रीय कृषि राज्यमंत्री भागीरथ चौधरी ने इसे कार्यकर्ताओं के साथ अजमेर में सुना। वहीं प्रदेश भाजपा कार्यालय में पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने ये कार्यक्रम सुना।